पीएम के महिला सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज, एमएलसी ने घर-घर बांटे निमंत्रण पत्र
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के महिला सम्मेलन को लेकर बीजेपी तैयारियों में जुटी है। कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने रविवार को क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ रोहनिया विधानसभा के कर्दमेश्वर मंडल अंतर्गत कंचनपुर स्थित बूथ संख्या 185 पर रेडियो के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” का प्रसारण सुना।
कार्यक्रम के उपरांत एमएलसी ने नारी शक्ति को समर्पित काशी में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री के प्रस्तावित महिला सम्मेलन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र वितरित किए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
जनसंपर्क अभियान के दौरान हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है और यह सम्मेलन उसी का एक सशक्त उदाहरण है। इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि गोपाल पटेल, मंडल अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह पटेल, जितेंद्र केशरी, कमलेश पाल, मिश्री लाल गिरी, विहारी पटेल, नंद लाल, सूर्यबली केशरी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष राकेश गिरी और अनिल सिंह सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।