फुलवरिया सरैया में हाईटेंशन तार टूटने से बिजली आपूर्ति ठप, 10 हजार आबादी अंधेरे में

कैंट क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 3, फुलवरिया सरैया में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक हाई टेंशन बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे हजारों लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए।
 

वाराणसी। कैंट क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 3, फुलवरिया सरैया में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक हाई टेंशन बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे हजारों लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए।

गनीमत रही कि तार टूटने के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, अन्यथा जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे लंबे समय से जर्जर तार को लेकर बिजली विभाग से शिकायत कर रहे थे, लेकिन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया।

निवासियों का आरोप है कि खंभों से अक्सर चिंगारियां निकलती थीं और अजीब आवाजें आती थीं, जो संभावित खतरे की ओर इशारा करती थीं। इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। क्षेत्र में लगभग 10 हजार की आबादी निवास करती है, जो इस लापरवाही के चलते लगातार जोखिम में जी रही है।

घटना के बाद लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। कई लोगों ने मौके पर विरोध जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही, जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने और जर्जर तारों को बदलने की मांग भी उठाई गई।