2 बीएचके फ्लैट में रहेंगे पुलिसकर्मी, 11 मंजिल मल्टी स्टोरी इमारत का हो रहा निर्माण 

 
योगी सरकार पुलिसकर्मियों की आवासीय समस्या का कर रही समाधान,192 फ्लैट का कर रही निर्माण 

हरियाली को बढ़ावा, जल संरक्षण व स्वच्छता के लिए एसटीपी भी स्थापित किया जाएगा

192 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था, पानी की आपूर्ति के लिए होगा अपना ट्यूबवेल 

22,836 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित हो रहा आवासीय परिसर 

वाराणसी,पुलिस कर्मियों के संख्या के हिसाब से आवासीय सुविधा न होने से उनके परिवार वालों को हमेशा परेशानी उठानी पड़ती है। योगी सरकार पुलिस कर्मियों के परिवार के रहने की समस्या का निवारण करते हुए  वाराणसी पुलिस लाइन में आधुनिक मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग का निर्माण करवा रही है। 11 मज़िल की इमारत  में पुलिस कर्मियों को 2 बीएचके का फ्लैट रहने को मिलेगा। यह परियोजना न केवल आवासीय जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि पुलिसकर्मियों के जीवन की गुणवत्ता और पुलिसिंग में भी सुधार आएगा। 

उत्तर प्रदेश में पुलिसकर्मियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उनके परिवारों को सुरक्षित व सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि  पुलिस लाइन में भूतल प्लस 11 मंजिल की इमारत में कुल 192 टाइप-2 फ्लैट बनाए जा रहे हैं, जहां पुलिसकर्मी अपने परिवार के साथ बेहतर सुविधाओं के बीच रह सकेंगे। लगभग 2674.64 लाख रुपये की लागत से बन रही यह योजना पुलिस कर्मियों की आवासीय समस्या को दूर करेगी। 

पुलिस आयुक्त ने जानकारी दी कि बहुमंजिला इमारत की खास बात यह है कि इसमें पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया है। परिसर में हरियाली को बढ़ावा दिया जाएगा और जल संरक्षण व स्वच्छता के लिए एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) भी स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा 192 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। करीब 22,836 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित हो रहे इस आवासीय परिसर में पानी की आपूर्ति के लिए अपना ट्यूबवेल भी होगा, जिससे निर्बाध जल उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

वर्जन
 बेहतर आवास, सुरक्षित वातावरण और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता से  पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सुरक्षा कर्मियों के कल्याण और उनके परिवारों की जरूरतों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
मोहित अग्रवाल, पुलिस आयुक्त वाराणसी