पुलिस कमिश्नर ने सेवानिवृत्ति पर चार पुलिसकर्मियों को दी भावभीनी विदाई, स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
तीन उपनिरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी सेवानिवृत्त, पुलिस आयुक्त ने कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा में उनके योगदान को बताया प्रेरणादायक
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए तीन उपनिरीक्षकों और एक मुख्य आरक्षी को शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को स्मृति चिह्न और फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखमय और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक जय प्रकाश दुबे (थाना लोहता), उपनिरीक्षक राम नरायन राम (थाना भेलूपुर), घुड़सवार पुलिस के उपनिरीक्षक मोहन यादव (पुलिस लाइन) और मुख्य आरक्षी भरत प्रसाद (पुलिस लाइन) शामिल रहे।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि चारों पुलिसकर्मियों ने अपने लंबे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिचय दिया है। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सेवाकाल और कार्यशैली विभाग के अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी।
समारोह के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके योगदान को याद किया। सम्मान स्वरूप उन्हें स्मृति चिह्न एवं फोटो फ्रेम प्रदान किए गए। इस दौरान पुलिस कार्यालय में भावुक माहौल रहा। सहकर्मियों ने चारों पुलिसकर्मियों के साथ बिताए गए सेवाकाल के अनुभवों को साझा करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।