वाराणसी में भाजपा कार्यालय पर सुनी गई पीएम मोदी के मन की बात, प्रधानमंत्री ने गिनाईं भारत की उपलब्धियां
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण का रविवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय, गुलाब बाग में सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के बाद भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभर में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों और सकारात्मक बदलावों को समाज तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुका है।
राष्ट्र निर्माण से लेकर आत्मनिर्भर भारत तक कई विषयों पर बोले प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भर भारत, जल संरक्षण, भारतीय संस्कृति और युवा शक्ति की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए 'वन राइड, वन नेशन, वन सैल्यूट' अभियान की सराहना की, जिसके तहत दिल्ली से कारगिल वॉर मेमोरियल तक शौर्य बाइक यात्रा निकाली जा रही है।
स्वदेशी रक्षा तकनीक और वैज्ञानिक उपलब्धियों की सराहना
प्रधानमंत्री ने भारतीय नौसेना में 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री से निर्मित आधुनिक युद्धपोत आईएनएस महेंद्रगिरि के शामिल होने को आत्मनिर्भर भारत की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने डीआरडीओ द्वारा पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट और मिसाइलों के सफल परीक्षण की भी सराहना की। साथ ही इंडोनेशिया के साथ ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइलों से जुड़े समझौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय रक्षा तकनीक पर दुनिया का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
जल संरक्षण और पर्यावरण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान
प्रधानमंत्री ने 'कैच द रेन' अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील करते हुए वर्षा जल संचयन, भूजल रिचार्ज और जल स्रोतों के संरक्षण के प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत अहमदाबाद में एक घंटे में 3.5 लाख से अधिक पौधे लगाने के विश्व रिकॉर्ड और उत्तर प्रदेश में एक ही दिन 30 करोड़ से अधिक पौधे लगाने के अभियान की भी प्रशंसा की। गुजरात के गिर जंगलों में इंडियन ग्रे हॉर्नबिल के संरक्षण को भी पर्यावरण संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
खिलाड़ियों, वैज्ञानिकों और छात्रों की उपलब्धियों का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने पी.वी. सिंधु को जापान ओपन खिताब जीतने और भारतीय महिला क्रिकेट टीम को लॉर्ड्स में ऐतिहासिक टेस्ट जीत की बधाई दी। उन्होंने निजी क्षेत्र के रॉकेट विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण को भारत के युवाओं की प्रतिभा का प्रतीक बताया। साथ ही फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथमेटिक्स ओलंपियाड में भारतीय छात्रों द्वारा स्वर्ण और रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई दी।
बिजनौर की महिलाओं और खादी को भी मिला प्रधानमंत्री का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा शुरू किए गए 'बिजनौर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी' उद्यम की सफलता का उल्लेख किया। उन्होंने आगामी 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर देशवासियों से खादी और स्थानीय हस्तशिल्प उत्पाद खरीदने की अपील की। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में खादी की बिक्री लगभग छह गुना बढ़कर 8,000 करोड़ रुपये के करीब पहुंच चुकी है।
पूर्वोत्तर भारत की प्रतिभाओं का भी किया सम्मान
प्रधानमंत्री ने मणिपुर के एस्ट्रोफिजिसिस्ट डॉ. रोनाल्डो वैश्राम द्वारा खोजे गए गैलेक्सी समूह का नाम 'लोक तक' झील पर रखने और त्रिपुरा के पारंपरिक वाद्य यंत्र 'चोंगपंग' को पुनर्जीवित करने के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने भारत रत्न और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे भाजपा कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के साथ नवीन कपूर, चंद्रशेखर उपाध्याय, मधुकर चित्रांश, मधुप सिंह, प्रमील पाण्डेय, अखिलेंद्र सिंह सनी, प्रमोद यादव मुन्ना, अजय गुप्ता, पंकज चतुर्वेदी, अनिल उपाध्याय, हीरा यादव, सुधीर सिंह, अमित श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, राजेंद्र सिंह पटेल, विनय सिंह, साधना वेदांती, रचना अग्रवाल, कुशाग्र श्रीवास्तव, विनोद भारद्वाज, अशोक मिश्रा, शशांक अग्रवाल, समीर माथुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।