यात्रियों ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को सराहा
महिला यात्रियों ने कहा- निर्धारित स्टेशनों पर ही खुलेंगे कोच के दरवाजे, यात्रा होगी अधिक सुरक्षित
आरामदायक सीट, बेहतर साफ-सफाई, मोबाइल चार्जिंग और स्क्रीन पर स्टेशन की जानकारी मिलने से यात्री हुए प्रभावित
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच उत्तर प्रदेश की पहली और देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सफर करने वाले यात्री उत्साहित नजर आए। कई यात्रियों के लिए यह सिर्फ एक नई ट्रेन का सफर नहीं, बल्कि प्रदेश की इस आधुनिक रेल सेवा का हिस्सा बनने का खास अवसर था। ट्रेन में सवार यात्रियों ने इसकी रफ्तार, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और आरामदायक सीटों की जमकर तारीफ की। यात्रियों का कहना था कि बनारस से दिल्ली के बीच कम समय में आरामदायक और सुरक्षित सफर करने वाली आधुनिक ट्रेन की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की पहल से यह जरूरत पूरी हुई है।
यात्रियों की प्रतिक्रिया
1--वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। कोच के दरवाजे निर्धारित स्टेशनों पर ही खुलने की व्यवस्था काफी अच्छी है। इससे महिलाओं को सफर के दौरान सुरक्षा का भरोसा मिलेगा। ट्रेन के अंदर स्क्रीन पर स्टेशन की जानकारी मिल जाती है। शौचालय भी साफ-सुथरे और बेहतर हैं। कुल मिलाकर यह महिलाओं के लिए आरामदायक और सुरक्षित यात्रा के लिए अच्छी ट्रेन है।
आरती वर्मा ,महिला यात्री
2--पहली बार इस तरह की आधुनिक स्लीपर ट्रेन में सफर करने का अनुभव काफी अच्छा रहा। ट्रेन में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है। मोबाइल चार्जिंग, पर्याप्त रोशनी और आरामदायक सीटों जैसी सुविधाएं यात्रियों के लिए बहुत उपयोगी हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि ट्रेन में अगले स्टेशन की जानकारी स्क्रीन पर मिलती रहती है। इससे यात्रा और भी सुविधाजनक हो जाती है।
कृति वर्मा , महिला यात्री
3.- ट्रेन के अंदर की व्यवस्था काफी अच्छी है। साफ-सफाई से लेकर बैठने और अन्य सुविधाओं तक हर चीज का ध्यान रखा गया है। ट्रेन में तैनात सपोर्ट स्टाफ भी यात्रियों के साथ काफी सहयोगात्मक व्यवहार कर रहा है। किसी भी जरूरत पर कर्मचारी मदद के लिए उपलब्ध हैं। बनारस से दिल्ली के बीच इस तरह की ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
अभिमन्यु सिंह ,यात्री
4. इस ट्रेन में सफर करना अपने आप में एक शानदार अनुभव है। ट्रेन के अंदर आधुनिक तकनीक का बेहतर इस्तेमाल किया गया है। स्क्रीन पर स्टेशन की जानकारी मिलना, मोबाइल चार्जिंग की सुविधा और आरामदायक सीटें इसे दूसरी ट्रेनों से अलग बनाती हैं। उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सफर करना हमारे लिए गर्व की बात है।
सूर्यांश पांडेय ,यात्री
5--बनारस से दिल्ली के बीच कम समय में पहुंचने वाली आधुनिक ट्रेन की लंबे समय से जरूरत थी। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से यात्रियों का समय बचेगा और सफर भी आरामदायक होगा। ट्रेन की रफ्तार, सीटों की व्यवस्था और साफ-सफाई काफी अच्छी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यात्रियों को दीपावली पर अच्छी सौगात दी है।
संजय कुमार वर्मा ,यात्री