बीएचयू के पार्ट टाइम डिप्लोमा कोर्स में बाहरी छात्रों को भी मौका, 300 से 600 रुपये में आवेदन
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में पार्ट टाइम डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिले की तैयारी कर रहे बाहरी छात्रों के लिए अच्छी खबर है। अब विश्वविद्यालय के नियमित छात्रों के साथ ही बाहरी अभ्यर्थियों को भी इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर मिलेगा। इससे पहले पार्ट टाइम डिप्लोमा कोर्स में केवल बीएचयू में पहले से पढ़ाई कर रहे छात्रों को ही आवेदन का मौका मिलता था। विश्वविद्यालय ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी आठ दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रवेश संबंधी सूचना के अनुसार, एससी-एसटी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए 300 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये निर्धारित किया गया है। इस फैसले से विश्वविद्यालय के बाहर के ऐसे विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा, जो नियमित पाठ्यक्रमों के साथ अतिरिक्त व्यावसायिक और शैक्षणिक योग्यता हासिल करना चाहते हैं।
बीएचयू के परीक्षा नियंता कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसी भी कोर्स के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या न्यूनतम सीटों से कम है, तो वह कोर्स शुरू नहीं किया जाएगा। इसके अलावा जिन कोर्स के लिए न्यूनतम सीटों की संख्या तय नहीं है, अगर उसमें आवेदन करने वालों की संख्या बहुत कम रहती है तो विश्वविद्यालय के पास यह अधिकार होगा कि वह उस कोर्स को न चलाए। इन दोनों स्थितियों में आवेदकों को यह मौका दिया जाएगा कि वे अपनी फीस वापस ले लें अथवा किसी दूसरे कोर्स में दाखिला ले लें। बिना फीस भरे फार्म रिजेक्ट हो जाएंगे।