ऑपरेशन चक्रव्यूह: होली से पहले वाराणसी पुलिस का बड़ा एक्शन, 18 चालक नशे में ड्राइविंग करते धराए
वाराणसी। होली पर्व को देखते हुए शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस का ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ तेज कर दिया गया है। दशाश्वमेध जोन में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान 18 वाहन चालक शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए।
पुलिस के अनुसार, इनमें से 12 चालकों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर उनके ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किए गए, जबकि शेष पर भारी जुर्माना लगाया गया।
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि गोदौलिया, चौक और बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर संयुक्त टीमों द्वारा रैंडम चेकिंग की गई। इस दौरान नशे में वाहन चलाने के अलावा 35 से अधिक अन्य यातायात उल्लंघन भी सामने आए, जिन पर विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर त्योहारी सीजन में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि होली का त्योहार उल्लास और जिम्मेदारी के साथ मनाएं तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि एक छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।