विश्व जल दिवस पर दशाश्वमेध घाट पर नमामि गंगे का स्वच्छता अभियान, मानव श्रृंखला बनाकर दिया जल संरक्षण का संदेश
वाराणसी। नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत विश्व जल दिवस के अवसर पर दशाश्वमेध घाट पर स्वच्छता और जागरुकता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने गंगा जल की सफाई कर जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के तहत गंगा में जमा कचरा और प्रदूषित सामग्री को निकालकर साफ-सफाई की गई। इस पहल का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना था कि स्वच्छ जल ही स्वस्थ और सुरक्षित जीवन का आधार है। ‘स्वच्छ जल-स्वस्थ समुदाय’ के नारे के साथ उपस्थित लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर गंगा तट पर बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली। सभी ने मिलकर मानव श्रृंखला बनाकर जल संरक्षण का संकल्प लिया। हाथों में हाथ डालकर लोगों ने यह संदेश दिया कि नदियों, तालाबों और भूजल को बचाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। मानव श्रृंखला के माध्यम से जल सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया गया।
आयोजन का नेतृत्व नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने किया। उन्होंने कहा कि विश्व जल दिवस केवल एक प्रतीकात्मक आयोजन नहीं है, बल्कि यह जल संकट के प्रति समाज को जागरूक करने और जमीनी स्तर पर ठोस कदम उठाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जल का उपयोग जिम्मेदारी से करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे सुरक्षित रखें।
कार्यक्रम में महानगर सहसंयोजक सारिका गुप्ता, बीना गुप्ता, पंकज अग्रहरि, रुबी गुप्ता, अजीत पाण्डेय, शिल्पी पाण्डेय और राखी पाण्डेय सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर स्वच्छ गंगा और जल संरक्षण का संकल्प दोहराया।