काशी में विश्व गौरैया दिवस पर वीवंडर फाउंडेशन का भव्य आयोजन, संरक्षण का दिया संदेश

विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर वीवंडर फाउंडेशन ने वाराणसी में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम बीएचयू स्थित कनूरेप्पा ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ, जिसमें वाराणसी और चंदौली के उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया गया। कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता, फोटोग्राफी प्रतियोगिता और चिड़ियों की कलाकृतियों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
 

वाराणसी। विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर वीवंडर फाउंडेशन ने वाराणसी में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम बीएचयू स्थित कनूरेप्पा ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ, जिसमें वाराणसी और चंदौली के उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया गया। कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता, फोटोग्राफी प्रतियोगिता और चिड़ियों की कलाकृतियों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और संस्था के बोर्ड मेंबर्स ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष गोपाल कुमार ने लोगों से गौरैया संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में गौरैया की संख्या तेजी से घट रही है, ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने घरों में इनके लिए दाना-पानी की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि इस नन्ही चिड़िया को बचाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान वीवंडर फाउंडेशन की वार्षिक पत्रिका का भी विमोचन किया गया। संस्था का लक्ष्य है कि यह पत्रिका उत्तर प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों तक पहुंचे और विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाए। इस आयोजन में 7 डेज फाउंडेशन की संस्थापिका कोमल गुप्ता सहित संस्था के बोर्ड मेंबर शुभम, आसिफ, संस्कार, जयप्रकाश और ऋतिक समेत कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला समेत अन्य विशिष्ट जन उपस्थित रहे।