विजयादशमी पर काशी में राष्ट्रीय बजरंग दल ने किया शस्त्र पूजन, महामंडलेश्वर अशुतोषानंद गिरी बोले- हर घर में होना चाहिए शस्त्र, युवाओं को करें जागरूक
वाराणसी। विजयादशमी के पावन पर्व पर काशी में राष्ट्रीय बजरंग दल की ओर से शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुंदरपुर स्थित श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक विधि-विधान से शस्त्रों का पूजन किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विजयादशमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर चर्चा करते हुए शस्त्र पूजन की परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैलाश मठ के महामंडलेश्वर आशुतोषानंद गिरि ने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है। भारतीय परंपरा में शस्त्र पूजन का विशेष महत्व रहा है। उन्होंने कहा कि हर घर में शस्त्र होना चाहिए और युवाओं को शस्त्र रखने के प्रति जागरूक होना चाहिए। उनके अनुसार, आत्मरक्षा के महत्व को समझना और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना भी आवश्यक है।
महामंडलेश्वर ने युवाओं से भारतीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन की परंपरा हमें साहस, शक्ति और कर्तव्यबोध का संदेश देती है। राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने भी हर घर में शस्त्र पूजन की परंपरा अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विजयादशमी पर शस्त्रों की पूजा करना भारतीय संस्कृति की प्राचीन परंपराओं में शामिल है। कार्यक्रम का उद्देश्य इस परंपरा के महत्व को रेखांकित करना और नई पीढ़ी को इससे परिचित कराना रहा।
इस अवसर पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और समाज में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन में सहभागिता की और विजयादशमी का पर्व मनाया।