रामनवमी पर सजा चौरा माता धाम, वार्षिक श्रृंगार संग अखंड रामायण व भंडारे का भव्य आयोजन
Mar 27, 2026, 17:26 IST
वाराणसी। आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के मोहन सराय स्थित चौरा माता मंदिर में चैत्र नवरात्र के समापन अवसर पर रामनवमी के पावन दिन भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी चौरा माता का वार्षिक श्रृंगार, अखंड रामायण पाठ, हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालर बत्तियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। चौरा माता चौराहा भी भव्य श्रृंगार से जगमगा उठा। इस अवसर पर महिलाओं सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे और माता के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।
अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति के पश्चात हवन-पूजन संपन्न हुआ, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा, जिनके सहयोग से पूरा कार्यक्रम श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ।