कालाष्टमी पर बाबा लाट भैरव का अद्भुत श्रृंगार, भव्य पूजन व सहस्त्र दीप आरती 

वैशाख कृष्ण पक्ष की कालाष्टमी के पावन अवसर पर कज्जाकपुरा स्थित प्राचीन अनादिकालेश्वर बाबा श्री कपाल भैरव, जिन्हें लाट भैरव के नाम से भी जाना जाता है, का आकर्षक और भव्य श्रृंगार किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।
 

वाराणसी। वैशाख कृष्ण पक्ष की कालाष्टमी के पावन अवसर पर कज्जाकपुरा स्थित प्राचीन अनादिकालेश्वर बाबा श्री कपाल भैरव, जिन्हें लाट भैरव के नाम से भी जाना जाता है, का आकर्षक और भव्य श्रृंगार किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।

प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अष्टमी पूजन की शुरुआत हुई। श्री कपाल भैरव (लाट भैरव) प्रबंधक समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में क्रमवार गणेश पूजन, नवग्रह पूजन तथा अष्ट भैरव पूजन सम्पन्न कराया गया। इसके पश्चात विधिवत हवन-पूजन कर अनुष्ठान को पूर्णता दी गई।

अनुष्ठान की पूर्णाहुति के बाद सहस्त्र दीपों से भव्य आरती उतारी गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर दिव्य प्रकाश से आलोकित हो उठा। आरती के दौरान भक्तों ने भजन-कीर्तन और स्तुतिगान कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर आचार्य रविंद्र त्रिपाठी के निर्देशन में धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष रोहित जायसवाल, मुन्ना लाल यादव, आशीष कुशवाहा, शिवम अग्रहरि, रवि कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और बाबा के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।