अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर वाराणसी जंक्शन पर विशेष आयोजन, रेल अधिकारियों व कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को वाराणसी जंक्शन स्थित उत्तर रेलवे के जन सामुदायिक केंद्र में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) वाराणसी, उत्तर रेलवे, श्री बृजेश कुमार यादव ने किया। आयोजन का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।
 

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को वाराणसी जंक्शन स्थित उत्तर रेलवे के जन सामुदायिक केंद्र में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) वाराणसी, उत्तर रेलवे, श्री बृजेश कुमार यादव ने किया। आयोजन का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस संबोधन के लाइव प्रसारण से हुई। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना तथा योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इसके उपरांत सभी ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

योग सत्र के संचालन में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 95वीं वाहिनी का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर सीआरपीएफ के निरीक्षक श्री निरंजन कुमार सिंह तथा योग प्रशिक्षक श्री अरविंद प्रसाद अपने नौ अन्य जवानों के साथ उपस्थित रहे। प्रशिक्षकों ने योगाभ्यास की विभिन्न विधियों का प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों को उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में उत्तर रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। इनमें स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, मंडल यांत्रिक अभियंता श्री दिवाकर वाष्र्णेय, रेल सुरक्षा बल के सहायक सुरक्षा आयुक्त श्री अरविंद कुमार, सहायक अभियंता श्री राजित राम, सहायक दूरसंचार अभियंता श्री भसूली सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रगान गाया। इसके बाद एडीआरएम श्री बृजेश कुमार यादव ने सीआरपीएफ के निरीक्षक श्री निरंजन कुमार सिंह एवं योग प्रशिक्षक श्री अरविंद प्रसाद को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने योग दिवस आयोजन में सहयोग के लिए सीआरपीएफ टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों के लिए लघु जलपान की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसे नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।