सीएम योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव पर काशी में रक्तदान महाअभियान, 500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिवस के अवसर पर काशी में सेवा और जनकल्याण का एक बड़ा अभियान चलाया जाएगा। 5 जून को आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम के तहत त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और हिन्दू वाहिनी, वाराणसी द्वारा विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष रक्तदान अभियान के माध्यम से 500 यूनिट से अधिक रक्त एकत्र करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए संगठन के पदाधिकारी कबीरचौरा स्थित एमसीएच विंग पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में रक्तदान शिविर के दौरान आने वाले रक्तदाताओं के पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त संग्रहण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
आयोजकों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस हर वर्ष सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी रक्तदान जैसे जनहितकारी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उनका मानना है कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और इससे जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकता है।
अंबरीश सिंह भोला ने बताया कि इस बार अभियान को लेकर युवाओं और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की थी और इस बार उससे भी बेहतर परिणाम की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्धारित लक्ष्य से अधिक रक्त संग्रह किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ केवल किसी एक संगठन के नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लोकप्रिय नेता हैं। उनका जन्मदिन विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा अपने-अपने तरीके से मनाया जाता है। कई संस्थाएं सेवा कार्यों, स्वास्थ्य शिविरों, वृक्षारोपण, रक्तदान और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं देती हैं।
उधर, कबीरचौरा अस्पताल प्रशासन भी रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अस्पताल प्रबंधन ने रक्तदाताओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि किसी भी प्रतिभागी को असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में अजय सिंह, रूद्र पांडेय, बिक्की गुप्ता, दिनेश अग्रहरि, संतोष खरवार, विजय यादव सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।