मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर रक्तदान महाअभियान, 5 जून को लगेगा शिविर
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर 5 जून को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिन्दू युवा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में कबीरचौरा स्थित राजकीय महिला चिकित्सालय के महिला विंग में आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
रक्तदान शिविर की तैयारियों को लेकर सरोजा पैलेस में हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हिन्दू युवा वाहिनी के वाराणसी मंडल प्रभारी एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अम्बरीश सिंह ‘भोला’ ने की। बैठक में शिविर की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई।
अम्बरीश सिंह भोला ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से मनाना समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें। आयोजकों ने दावा किया कि बड़ी संख्या में रक्तदाताओं के भाग लेने की संभावना है। बैठक में अजय सिंह, सन्नी गुप्ता, नीतीश सिंह, अश्वनी गुप्ता, ओमप्रकाश जायसवाल, उमेश सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव, मनीष वर्मा, दिनेश अग्रहरि, गप्पू सिंह, शेखर सिंह सहित हिन्दू युवा वाहिनी की विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने शिविर को सफल बनाने का संकल्प लिया।