एयर शो के अंतिम दिन 370 दर्शकों की बिगड़ी तबीयत, स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा
घाटों और प्रमुख मार्गों पर चिकित्सा शिविर, मोबाइल मेडिकल टीमें व एंबुलेंस रहीं तैनात; तीन मरीजों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
वाराणसी। भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के अंतिम दिन रविवार को दर्शकों की भारी भीड़ के बीच स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक चिकित्सा व्यवस्था संभाली। आयोजन के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान 370 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में गंगा घाटों, आयोजन स्थल के आसपास और प्रमुख मार्गों पर चिकित्सा शिविर लगाए गए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल टीमें सक्रिय रहीं, जबकि आपात स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न स्थानों पर एंबुलेंस तैनात की गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने पूरे दिन मुस्तैदी से काम किया। चिकित्सा शिविरों में सिरदर्द, बुखार, बदन दर्द, पेट दर्द, चक्कर आने, उल्टी और निर्जलीकरण जैसी समस्याओं से परेशान लोगों को उपचार दिया गया। प्राथमिक जांच के बाद जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं और चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। गर्मी, भीड़ और लंबे समय तक खड़े रहने के कारण अस्वस्थ हुए लोगों को विशेष रूप से जरूरी सावधानियां बताई गईं।
तीन मरीजों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
गंभीर स्थिति वाले मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को अलर्ट मोड पर रखा गया था। सीएमओ के अनुसार, एंबुलेंस की मदद से दो मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौकाघाट और एक मरीज को श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अस्पतालों में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया और चिकित्सकों ने उनकी स्थिति पर निगरानी रखी।
दूसरे जिलों की मेडिकल टीमों ने भी किया सहयोग
एयर शो के दौरान चिकित्सा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में वाराणसी के स्वास्थ्य संस्थानों के साथ अन्य मेडिकल कॉलेजों, निजी अस्पतालों और दूसरे जिलों से आई चिकित्सकीय टीमों ने भी सहयोग किया। सभी टीमों ने आपसी समन्वय के साथ दर्शकों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं और गतिविधियों की निगरानी त्रिनेत्र भवन स्थित काशी कमांड सेंटर से की गई।
आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से थी तैयारी
सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि बड़े सार्वजनिक आयोजनों में भारी भीड़ के कारण अचानक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में समय पर उपचार और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होती है। स्वास्थ्य विभाग ने इसी को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा शिविरों, मोबाइल मेडिकल टीमों और एंबुलेंस की व्यवस्था की थी। उन्होंने एयर शो के दौरान सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस कर्मियों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार जताया।