नवरात्रि के पहले दिन देवी मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़, कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट, ड्रोन से निगरानी
वाराणसी। चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ के साथ धर्मनगरी काशी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें देखी जा रही हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
नवरात्रि के पहले दिन खासतौर पर प्रमुख शक्तिपीठों और देवी मंदिरों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में दुर्गा कुंड मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने यहां आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है, जिससे पूरे क्षेत्र की प्रभावी निगरानी की जा सके।
मंदिर परिसर और उसके आसपास ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार नजर रखी जा रही है। ड्रोन से भीड़ की स्थिति, आवाजाही और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल निगरानी संभव हो रही है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है और कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती भी की गई है, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नवरात्रि के दौरान शहर के सभी प्रमुख मंदिरों, घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की गई है। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, ताकि जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
दुर्गा कुंड मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से लाइन में प्रवेश कराया जा रहा है। बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है, जिससे किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी से बचा जा सके। पुलिस द्वारा समय-समय पर अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील भी की जा रही है।
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक इसी तरह सख्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में मां के दर्शन कर सकें। काशी में इस समय जहां एक ओर भक्ति का उत्साह चरम पर है, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा के मजबूत इंतजाम भी लोगों को भरोसा दिला रहे हैं।