विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर तुलसी विद्या निकेतन में हुआ वृहद वृक्षारोपण
वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर पर्यावरण संरक्षण और हरित क्रांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगवा स्थित तुलसी विद्या निकेतन (TVN) परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संकट मोचन फाउंडेशन एवं मदर्स फॉर मदर्स संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर तथा संकट मोचन मंदिर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच पेड़ों के महत्व को रेखांकित करना तथा छात्र-छात्राओं को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में पूर्व आईआईटी विभागाध्यक्ष प्रो. एस.एन. उपाध्याय, संकट मोचन फाउंडेशन के सदस्य प्रो. एन.के. दुबे, मदर्स फॉर मदर्स से जुड़ीं सुश्री अदिति मिश्रा एवं सुश्री सुमेधा मिश्रा, तुलसी विद्या निकेतन के प्रधानाचार्य एस.एन. श्रीवास्तव, विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सतत प्रयास है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।