अखिलेश यादव के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर वाराणसी में गंगा अभिषेक, भोजन, दूध वितरण व जनकल्याण के कार्यक्रम
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को वाराणसी में समाजवादी पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों की ओर से सेवा, सामाजिक समरसता और जनकल्याण को समर्पित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कहीं मां गंगा का 53 किलोग्राम दूध से अभिषेक किया गया तो कहीं जरूरतमंदों के बीच भोजन और दूध का वितरण कर समाज सेवा का संदेश दिया गया।
समाजवादी पार्टी बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के जिला अध्यक्ष जितेंद्र यादव मलिक (अधिवक्ता) के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का 53 किलोग्राम दूध से अभिषेक किया। इस दौरान प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, सामाजिक सौहार्द, शांति तथा जनकल्याण की कामना की गई। अभिषेक के बाद वही 53 किलोग्राम दूध गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों में वितरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि समाजवादी विचारधारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सम्मान पहुंचाने का संदेश देती है और इसी उद्देश्य से यह आयोजन किया गया।
वहीं समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद ज़ुबैर के नेतृत्व में बेनियाबाग से नई सड़क तक भोजन वितरण अभियान चलाया गया। इस दौरान रिक्शा चालकों, दिहाड़ी मजदूरों, ट्रॉली मैन तथा अन्य मेहनतकश लोगों को भोजन के पैकेट वितरित किए गए। भोजन पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और कई लोगों ने अखिलेश यादव के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में विकास, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी है। उनके जन्मदिवस पर सेवा कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करना ही उनके प्रति सच्ची शुभकामना है। मोहम्मद ज़ुबैर ने कहा कि समाजवाद का मूल आधार सेवा, समानता और मानवीय संवेदनाएं हैं तथा जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही किसी भी कार्यकर्ता का सबसे बड़ा दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना करते हुए समाज सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।