देवरहा बाबा की 36वीं पुण्यतिथि पर अस्सी घाट बनेगा आस्था का केंद्र, संत समागम, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे का होगा आयोजन
वाराणसी। योगी सम्राट पूज्य देवरहा बाबा की 36वीं पुण्यतिथि शनिवार, 11 जुलाई को काशी में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाई जाएगी। इस अवसर पर अस्सी घाट स्थित श्री देवरहा बाबा आश्रम एवं द्वारकाधीश मंदिर परिसर में संत समागम, वैदिक पूजन, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से संत-महात्माओं, साधु-संतों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम जौनपुर वाले बाबा बालक दास "अन्न क्षेत्र जौनपुर" के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। पुण्यतिथि के अवसर पर पूज्य देवरहा बाबा के चित्र एवं चरण पादुका का विधिवत पूजन किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संत-महात्मा श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन, सेवा और सदाचार का संदेश देंगे।
कार्यक्रम के दौरान संतों के प्रवचन, भजन-कीर्तन और धार्मिक सत्संग का आयोजन भी होगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन विशाल भंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल पुण्यतिथि मनाना नहीं, बल्कि देवरहा बाबा के जीवन दर्शन और उनके लोककल्याण के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।
महंत श्रवणदास महाराज ने बताया कि योगी सम्राट देवरहा बाबा ने अपने तप, त्याग और आध्यात्मिक साधना के माध्यम से करोड़ों लोगों को धर्म, मानव सेवा और नैतिक जीवन का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को प्रेरित कर रही हैं और यही कारण है कि उनकी पुण्यतिथि पर देशभर से श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं।
अन्न क्षेत्र जौनपुर के मार्कण्डेय सिंह 'मुन्ना' ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि आने वाले सभी भक्त सुचारु रूप से पूजन, सत्संग और भंडारे में शामिल हो सकें। उन्होंने काशीवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।