स्वतंत्रता दिवस पर फेरी-पटरी व्यवसायियों ने निकाली तिरंगा यात्रा, देश की एकता-अखंडता के साथ छोटे व्यापारियों के सम्मान और सुरक्षा का लिया संकल्प 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ की ओर से जवाहर लाल नेहरू मार्केट, कैंट में ध्वजारोहण और विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फेरी-पटरी और ठेला व्यवसायियों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और विकास के साथ छोटे व्यापारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया गया।
 

वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ की ओर से जवाहर लाल नेहरू मार्केट, कैंट में ध्वजारोहण और विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फेरी-पटरी और ठेला व्यवसायियों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और विकास के साथ छोटे व्यापारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी और विशिष्ट अतिथि वाराणसी के पूर्व महापौर कौशलेंद्र सिंह पटेल रहे। ध्वजारोहण के बाद तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों पथ विक्रेताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देशवासियों को स्वतंत्र और सम्मानजनक जीवन का अधिकार दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि फेरी-पटरी और ठेला व्यवसायी मेहनत एवं स्वरोजगार के जरिए परिवार का पालन-पोषण करने के साथ शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देते हैं। इनके लिए व्यवस्थित वेंडिंग स्थल, आर्थिक सहायता और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब छोटे से छोटा व्यवसायी भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सम्मानित होगा। पूर्व महापौर कौशलेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ केवल राजनीतिक आजादी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ जीवन और रोजगार का अवसर मिलना भी है। उन्होंने कहा कि फेरी-पटरी व्यवसायी शहर के जनजीवन और अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके हितों की रक्षा के साथ वेंडिंग जोन, उचित स्थान, बैंकिंग सुविधा और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन अभिषेक निगम ने किया। तिरंगा यात्रा में सीए प्रमोद सिंह, अनूप कुमार श्रीवास्तव, मुरलीधर सिंह, प्रमोद अग्रहरी, माया पांडे, सरस्वती मिश्रा, सविता सिंह, सुमन सिंह, अंकिता तिवारी, पार्षद मदन मोहन दुबे, प्रवीण राय, संजय केशरी, पूर्व पार्षद संदीप श्रीवास्तव समेत महासंघ के पदाधिकारी और सैकड़ों पथ विक्रेता मौजूद रहे।