देवोत्थान एकादशी पर हरि-हर के जयघोष से गूंजा श्री काशी विश्वनाथ धाम, बद्रीनारायण मंदिर में हुआ भगवान विष्णु का दिव्य श्रृंगार

देवोत्थान एकादशी और तुलसी विवाह के पावन अवसर पर शुक्रवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित प्राचीन श्री बद्रीनारायण मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस दौरान भगवान श्री बद्रीनारायण का भव्य एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच षोडशोपचार पूजन और पुरुषसूक्त पाठ से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
 

षोडशोपचार पूजन के बाद 11 शास्त्रियों ने किया पुरुषसूक्त का सस्वर पाठ

वाराणसी। देवोत्थान एकादशी और तुलसी विवाह के पावन अवसर पर शुक्रवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित प्राचीन श्री बद्रीनारायण मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस दौरान भगवान श्री बद्रीनारायण का भव्य एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच षोडशोपचार पूजन और पुरुषसूक्त पाठ से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

कार्तिक शुक्ल पक्ष की हरि प्रबोधिनी एकादशी के अवसर पर दोपहर 12:30 बजे भगवान श्री बद्रीनारायण का षोडशोपचार पूजन विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। इसके बाद 11 शास्त्रियों ने सामूहिक रूप से वैदिक परंपरा के अनुसार पुरुषसूक्त का सस्वर पाठ किया।

धार्मिक अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और हरि-हर के जयघोष से गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीनारायण के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

देवोत्थान एकादशी और तुलसी विवाह के अवसर पर आयोजित इस विशेष पूजन-अर्चन ने मंदिर परिसर में सनातन धर्म की वैदिक परंपराओं और आध्यात्मिक संस्कृति की छटा बिखेरी।