बरेका में संविधान दिवस पर संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ, संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र की एकता और अखंडता मजबूत करने का लिया संकल्प

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह, गरिमा और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कर संविधान के मूल आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
 

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह, गरिमा और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कर संविधान के मूल आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रशासन भवन स्थित स्वागती हॉल में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संविधान की उद्देशिका का पाठ किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसमें निहित स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व के मूल्य भारतीय समाज को एक सूत्र में बांधने के साथ ही राष्ट्र की प्रगति का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से संविधान में वर्णित आदर्शों को अपने दैनिक जीवन और कार्य व्यवहार में आत्मसात करने का आह्वान किया। साथ ही राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने और मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान और उसके मूल्यों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा और उप महाप्रबंधक सागर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा कर्मचारी परिषद के सदस्य नवीन कुमार सिन्हा और सुशील कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में बरेका कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए। सामूहिक उद्देशिका पाठ के माध्यम से सभी ने संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण, लोकतांत्रिक परंपराओं के सम्मान और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।