काशी विद्यापीठ में एनएसएस स्वयंसेवकों ने योगाभ्यास के बाद की साफ-सफाई, फिटनेस और स्वच्छता का दिया संदेश 

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एनएसएस के विशेष शिविर के दूसरे दिन रविवार को स्वयंसेवकों ने योगाभ्यास और श्रमदान के माध्यम से समाज सेवा का संदेश दिया। यह कार्यक्रम कुलपति आनंद कुमार त्यागी के निर्देशन और एनएसएस समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
 

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एनएसएस के विशेष शिविर के दूसरे दिन रविवार को स्वयंसेवकों ने योगाभ्यास और श्रमदान के माध्यम से समाज सेवा का संदेश दिया। यह कार्यक्रम कुलपति आनंद कुमार त्यागी के निर्देशन और एनएसएस समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री शक्तिपीठ मंदिर के समीप स्थित पार्क में योगाभ्यास के साथ हुई। इस दौरान स्वयंसेवकों ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। योग सत्र के बाद स्वयंसेवकों ने आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाते हुए श्रमदान किया।

स्वयंसेवकों ने नगवां क्षेत्र में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई की तथा स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और कचरा इधर-उधर न फेंकने की अपील भी की। इस अभियान के माध्यम से युवाओं ने समाज में स्वच्छता और जनजागरूकता का संदेश देने का प्रयास किया।

कार्यक्रम के दौरान एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हंसराज, धनंजय कुमार शर्मा, डॉ. शशांक चंदेल और डॉ. दिनेश कुमार की उपस्थिति में स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन भी किया। इस आध्यात्मिक वातावरण में उपस्थित लोगों ने भी सहभागिता करते हुए कार्यक्रम की सराहना की।

एनएसएस से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेवकों को समाज सेवा, अनुशासन और सामूहिक कार्य की भावना विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों में शामिल किया जाता है। इसी क्रम में योग, स्वच्छता और जागरुकता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।