बीएचयू अस्पताल में नवजात का शव मिलने से मचा हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर प्रश्न
वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर में गुरुवार की रात एक नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना उस समय सामने आई जब अस्पताल परिसर में एक कुत्ता नवजात के शव को मुंह में दबाकर ले जाता हुआ दिखाई दिया। इस दर्दनाक दृश्य ने न केवल वहां मौजूद लोगों को झकझोर दिया, बल्कि अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अस्पताल परिसर में स्थित बाल रोग विभाग और ईएनटी विभाग के समीप बने छोटे प्रवेश द्वार के पास किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नवजात शिशु का शव छोड़ दिया गया था। देर रात परिसर में घूम रहे एक आवारा कुत्ते ने शव को उठा लिया और उसे कुछ दूरी तक ले गया। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल सुरक्षा कर्मियों को इसकी सूचना दी।
कुत्ते द्वारा शव को नोंचने की भी आशंका जताई जा रही है, जिससे घटना और अधिक संवेदनशील हो गई। सूचना मिलते ही बीएचयू के सुरक्षा कर्मी और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। संयुक्त कार्रवाई के तहत शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर लंका थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शव को अस्पताल परिसर में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।
पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच अधिकारियों का मानना है कि फुटेज से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नवजात की मौत के कारणों और समय के बारे में भी स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी दिखाई दी। नागरिकों का कहना है कि इतने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले चिकित्सा संस्थान में इस प्रकार की घटना होना सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में गंभीर खामियों की ओर संकेत करता है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की गहन जांच में जुटे हैं तथा रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।