सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले पीएम बने नरेन्द्र मोदी, काशी में नमामि गंगे ने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से मांगा आशीर्वाद
वाराणसी। भारतीय राजनीति के इतिहास में 10 जून 2026 का दिन एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में दर्ज हो गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक पद पर बने रहने का नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस अवसर पर काशी में नमामि गंगे से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा के समक्ष विशेष प्रार्थना कर प्रधानमंत्री के लिए आशीर्वाद मांगा।
श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर आयोजित कार्यक्रम में नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने राष्ट्रध्वज तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ विशेष आयोजन किया। इस दौरान मां गंगा की आरती उतारकर देश के विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम के दौरान गंगा द्वार परिसर बाबा विश्वनाथ और मां गंगा के जयकारों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभिनंदन से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उनके दीर्घायु और सफल नेतृत्व की कामना की।
राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान देश ने विकास और गरीब कल्याण की योजनाओं को समानांतर रूप से आगे बढ़ते देखा है। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन, गरीब परिवारों को पक्के मकान, स्वास्थ्य बीमा योजनाएं, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आधुनिक सड़क नेटवर्क, एक्सप्रेसवे और वंदे भारत ट्रेनों जैसी अनेक योजनाओं ने देश के विकास को नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने निरंतर परिश्रम और समर्पण के साथ देश की सेवा करते हुए भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाई है। यही कारण है कि आज देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का नया कीर्तिमान उनके नाम दर्ज हुआ है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की कामना की। साथ ही बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से देश की समृद्धि, सुरक्षा और उन्नति के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर ज्ञानेश्वर कुलकर्णी, राजेंद्र, गायत्री, पुरुषोत्तम देशपांडे, शिवांगी, मनीषा, प्रणीता सहित बड़ी संख्या में नागरिक और नमामि गंगे से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।