नगर आयुक्त ने वरूणापार जोन में सफाई व निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, मानक के विपरीत इंटरलॉकिंग मिलने पर अवर अभियंता से मांगा स्पष्टीकरण
वाराणसी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार की सुबह वरूणापार जोन के कई इलाकों का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड सिकरौल के गोविंद नगर कॉलोनी, सिकरौल यादव बस्ती तथा सनबीम वरुणा के आसपास के मुख्य मार्गों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने साफ-सफाई की स्थिति को और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानक के विपरीत इंटरलॉकिंग मिलने पर अवर अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा।
बारातघर निर्माण के लिए नागरिकों का अनुरोध
सनबीम वरुणा के पास नगर निगम की खाली पड़ी जमीन पर बारातघर बनवाए जाने की मांग क्षेत्रीय निवासियों ने नगर आयुक्त के समक्ष रखी। इस पर नगर आयुक्त ने भूमि की पैमाइश कराने और बारातघर निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इंटरलॉकिंग कार्य में मिली कमियां, अभियंता को फटकार
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त एक गली में चल रहे इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य को देखने पहुंचे। जांच में पाया गया कि इंटरलॉकिंग कार्य मानक के अनुसार नहीं किया जा रहा है। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अवर अभियंता ज्ञानचंद पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए उनसे स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
कई विभागीय कार्यों की भी जांच
नगर आयुक्त ने क्षेत्र में कचरा प्रबंधन, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक शौचालय, नाला सफाई, पेयजल व्यवस्था, तालाब और कुओं की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक मरम्मत और सफाई कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार कर तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान वरुणापार जोनल अधिकारी जितेंद्र कुमार आनंद, अवर अभियंता (सिविल), मार्ग प्रकाश विभाग के अवर अभियंता और जलकल विभाग के अवर अभियंता उपस्थित रहे।