बाबा साहब के विचारों को साकार कर रही है मोदी सरकार, पूर्व कैबिनेट मंत्री ने विपक्ष पर किया प्रहार  

भाजपा महानगर की ओर से शुक्रवार को पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में "सम्मान संगोष्ठी" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने विचार रखे। उन्होंने डा. अंबेडकर को लेकर पार्टी की विचारधारा और नीतियों पर चर्चा की। साथ ही कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। 
 

वाराणसी। भाजपा महानगर की ओर से शुक्रवार को पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में "सम्मान संगोष्ठी" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने विचार रखे। उन्होंने डा. अंबेडकर को लेकर पार्टी की विचारधारा और नीतियों पर चर्चा की। साथ ही कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डॉ. आंबेडकर के विचारों को सही मायने में आगे बढ़ाया है। भाजपा की विचारधारा और बाबा साहब के विचारों में समानता है। "सबका साथ, सबका विकास" का मंत्र बाबा साहब के दर्शन से ही प्रेरित है। डॉ. पांडेय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने जीवन के अंतिम पल तक बाबा साहब का अपमान किया। न केवल उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में नहीं होने दिया गया, बल्कि उनके पार्थिव शरीर के लाने तक का किराया भी परिवार से वसूला गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने न केवल बाबा साहब को चुनाव में हरवाने की साजिश रची बल्कि संविधान सभा में भी उनकी सदस्यता में बाधाएं डालीं।

 

विशिष्ट अतिथि विधायक व पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने भी कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने केवल बाबा साहब का नाम इस्तेमाल किया, लेकिन उन्हें कभी सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाकर प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहब के विचारों का सम्मान किया और उन्हें सही मायने में श्रद्धांजलि दी। डॉ. तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बाबा साहब से जुड़े पांच स्थलों को "पंच तीर्थ" के रूप में विकसित कर सामाजिक समरसता की भावना को सशक्त किया।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बाबा साहब के विचारों और आदर्शों के प्रति पूरी तरह समर्पित है और उनकी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू कर रही है। संगोष्ठी के दौरान मंचासीन अतिथियों ने बाबा साहब, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन किया। कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रति भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

गोष्ठी का संचालन महामंत्री जगदीश त्रिपाठी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट अशोक जाटव ने दिया। कार्यक्रम के अंत में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता एवं अनुसूचित जाति समाज के सदस्य उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी किशोर सेठ ने कार्यक्रम की जानकारी दी।