नवरात्र में नारी सशक्तिकरण का संदेश: महिला पुलिस ने स्कूटी रैली निकालकर किया जागरूक, पुलिस कमिश्नर ने किया रवाना 

वासंतिक नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति 5.0 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और सुरक्षा के प्रति विश्वास मजबूत करना है। कार्यक्रम के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने शहर में एक भव्य स्कूटी रैली निकाली, जिसे पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 
 

वाराणसी। वासंतिक नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति 5.0 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और सुरक्षा के प्रति विश्वास मजबूत करना है। कार्यक्रम के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने शहर में एक भव्य स्कूटी रैली निकाली, जिसे पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

इस रैली के माध्यम से समाज में महिला सशक्तिकरण का व्यापक संदेश देने का प्रयास किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। वे न केवल दोपहिया वाहन चला रही हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। जरूरत पड़ने पर वे अपराधियों का सामना करने और उन्हें पकड़ने में भी पूरी तरह सक्षम हैं।

अधिकारियों ने ‘मिशन शक्ति’ के पिछले चरणों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क और पिंक बूथ के कारण महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। अब महिलाएं बिना झिझक अपनी समस्याएं महिला पुलिसकर्मियों के सामने रख पा रही हैं। इससे उन्हें एक सुरक्षित और सहयोगपूर्ण माहौल मिल रहा है।

इसके अलावा पुलिस द्वारा दर्ज मामलों में निरंतर निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है। घरेलू हिंसा, छेड़खानी और अन्य अपराधों के मामलों में कार्रवाई के बाद भी पुलिस तीन महीने तक पीड़ित महिलाओं से फीडबैक लेती है, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अपराध की पुनरावृत्ति न हो।

रैली के दौरान विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इनमें 1090 (वीमेन पावर लाइन) और 112 (आपातकालीन सेवा) प्रमुख हैं। इन नंबरों के जरिए महिलाएं किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है, और इसके लिए जागरूकता व सहभागिता बेहद आवश्यक है। इस अवसर पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरी मीणा समेत अन्य अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।