खुलकर बोलो, चुप्पी तोड़ो’ का संदेश, छात्राओं को साइबर सुरक्षा और महिला अधिकारों की दी जानकारी

मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को जंसा थाना क्षेत्र स्थित महर्षि संदीपनी विद्यालय में छात्राओं एवं शिक्षिकाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकार, साइबर अपराध और आत्मरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देकर जागरूक किया।
 

वाराणसी। मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को जंसा थाना क्षेत्र स्थित महर्षि संदीपनी विद्यालय में छात्राओं एवं शिक्षिकाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकार, साइबर अपराध और आत्मरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देकर जागरूक किया।

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्य से अवगत कराते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और उत्पीड़न से बचाव, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा तथा विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ सामना करने के उपाय भी बताए गए।

जागरुकता कार्यक्रम में छात्राओं को विशेष रूप से ‘खुलकर बोलो, चुप्पी तोड़ो’ का संदेश दिया गया। पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह के अपराध, उत्पीड़न, छेड़छाड़ या असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय समय रहते परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को जानकारी दें। समस्या को छिपाने के बजाय सहायता मांगना सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव पर भी विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को फर्जी लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी और तस्वीरें साझा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई। साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

इसके अलावा 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1090 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के बारे में भी छात्राओं को बताया गया। महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं और विचार सुने। छात्राओं ने भी महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता से जुड़े सवाल और अपने विचार साझा किए। पुलिस टीम ने उनका मनोबल बढ़ाते हुए अधिकारों के प्रति सजग, जागरूक और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का आयोजन अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब वीर सिंह, थाना प्रभारी जंसा सत्यजीत सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी, महिला पुलिस कर्मी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।