बरेका इंटर कॉलेज में गूंजा गुरु-शिष्य सम्मान का संदेश, महान शिक्षकों के योगदान को किया याद 

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) इंटर कॉलेज में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य ए.के. माहेश्वरी एवं समस्त शिक्षकों ने भारत के महान शिक्षाविद् और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की। इस दौरान शिक्षकों के योगदान और उनके मार्गदर्शन को याद किया गया।
 

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) इंटर कॉलेज में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य ए.के. माहेश्वरी एवं समस्त शिक्षकों ने भारत के महान शिक्षाविद् और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की। इस दौरान शिक्षकों के योगदान और उनके मार्गदर्शन को याद किया गया।

प्राचार्य ए.के. माहेश्वरी ने सभी शिक्षकों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के साथ ही उनमें संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता की दिशा तय करते हैं। शिक्षक ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

शिक्षक दिवस को लेकर विद्यालय की सभी कक्षाओं को विद्यार्थियों ने आकर्षक ढंग से सजाया। सुबह से ही विद्यालय परिसर में उत्सवी माहौल रहा। विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी कक्षाओं में शिक्षकों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक उनके जीवन में केवल शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि सही दिशा दिखाने और कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन से उनके अंदर आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। समारोह के माध्यम से विद्यालय में गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा और शिक्षक-विद्यार्थी के आत्मीय संबंधों को मजबूती मिली। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा।