बीएचयू में एक नवंबर को लगेगा मेगा कैंप, पात्रों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए एक नवंबर को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन सभागार में मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर होने वाले इस शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।
 

वाराणसी। विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए एक नवंबर को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन सभागार में मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर होने वाले इस शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

मेगा कैंप की तैयारियों को लेकर बुधवार को कचहरी परिसर स्थित मनोरंजन कक्ष सभागार में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला जज एवं मेगा कैंप के नोडल अधिकारी आलोक कुमार ने की। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में शिविर के सफल आयोजन, पात्र लाभार्थियों की पहचान और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

विभागों को लाभार्थियों की सूची देने के निर्देश
बैठक में संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने स्तर पर सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चिह्नित करें और उनकी सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वाराणसी के कार्यालय को उपलब्ध कराएं। इसका उद्देश्य पात्र लोगों को समय से योजनाओं का लाभ दिलाना और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में होने वाली अनावश्यक परेशानी को कम करना है।

अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई पूरी करने पर भी जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग शिविर के माध्यम से लाभान्वित हो सकें।

गांवों में किया जा रहा प्रचार-प्रसार
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राजीव मुकुल पाण्डेय ने बताया कि मेगा कैंप के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर प्री-कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को शिविर की जानकारी देने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में मदद की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अपर जिला जज प्रथम संध्या श्रीवास्तव, अपर जिला जज सर्वजीत सिंह, अपर जिला जज युगल किशोर विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।