बरेका में चार नए श्रम कानूनों के अनुपालन को लेकर बैठक, ठेका श्रमिकों के हितों पर जोर
ईपीएफ-ईएसआईसी, समय पर वेतन, पंजीकरण और कार्यस्थल सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में चारों नए श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन को लेकर गुरुवार को बैठक आयोजित की गई। प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी विभागों के नामित नोडल अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विशेष रूप से बरेका में कार्यरत ठेका श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा, वेतन भुगतान और कल्याणकारी सुविधाओं से जुड़े प्रावधानों की समीक्षा की गई।
बैठक में ठेका श्रमिकों को नियमानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रमिकों को ईपीएफ/ईएसआईसी (EPF/ESIC) का लाभ सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा निर्धारित दर के अनुसार समय से वेतन भुगतान, वेतन पर्ची उपलब्ध कराने, उपस्थिति दर्ज करने और श्रमिकों के पंजीकरण समेत सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन कराया जाए।
संविदाओं में लागू हों श्रम कानूनों के प्रावधान
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बरेका में कार्यरत ठेका श्रमिकों से संबंधित सभी संविदाओं में चारों नए श्रम कानूनों के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इनमें मजदूरी संहिता, 2019, औद्योगिक संबंध संहिता, 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 तथा व्यवसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशाएं संहिता, 2020 शामिल हैं।
सभी विभागीय नोडल अधिकारियों से कहा गया कि वे अपने-अपने विभागों में कार्यरत ठेका श्रमिकों और संबंधित ठेकेदारों के अभिलेखों का सत्यापन करें। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा, वेतन भुगतान, कार्यस्थल पर सुरक्षा और श्रमिकों के कल्याण से जुड़े सभी वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन की स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
नियमित होगी अनुपालन की समीक्षा
अधिकारियों को बताया गया कि नए श्रम कानूनों के अनुपालन की नियमित निगरानी और समीक्षा की जाएगी। संबंधित विभागों को अपने स्तर से अनुपालन की स्थिति अद्यतन रखने और किसी भी कमी की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि बरेका में चारों नए श्रम कानूनों का पूर्ण, प्रभावी और समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। बैठक में मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/सर्विस इंजीनियर एवं प्रधान नियोक्ता विपुल सिंह, मुख्य संरक्षा अधिकारी जितेंद्र अग्रवाल, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) समीर पॉल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।