नशीला पदार्थ सेवन के 10 दिन बाद विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नशीला पदार्थ सेवन करने के करीब 10 दिन बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
नशीला पदार्थ सेवन के बाद बिगड़ी थी हालत
मेहंदीगंज गांव निवासी कमला शंकर की पत्नी कविता (30) ने करीब 10 दिन पहले पारिवारिक विवाद के चलते नशीला पदार्थ सेवन कर लिया था। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
शव घर पहुंचते ही बढ़ा विवाद
मृतका का शव जब अंतिम संस्कार के लिए घर लाया गया, तभी दामोदरपुर (कछवां बाजार) निवासी मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। इस दौरान कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रताड़ना का लगाया आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के 10 वर्ष बाद भी संतान न होने को लेकर ससुराल पक्ष के लोग कविता को लगातार प्रताड़ित करते थे और ताने देते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या फिर किसी साजिश के तहत हत्या की गई है।