अश्लील संदेश भेजकर युवती को परेशान कर रहा था मनबढ़ युवक, मंगेतर ने पुलिस से की शिकायत
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के एक गांव की युवती को लगातार अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजने तथा उस पर शादी के लिए दबाव बनाने के आरोप में एक युवक के खिलाफ पुलिस से शिकायत की गई है। युवती के मंगेतर ने मिर्जामुराद थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र की एक युवती का विवाह दूसरे गांव के युवक से तय हो चुका है। आरोप है कि युवती के ही गांव का एक युवक उसे लंबे समय से मोबाइल फोन पर अश्लील संदेश भेजकर परेशान कर रहा था। इतना ही नहीं, वह युवती पर अपने मंगेतर से रिश्ता तोड़कर उससे विवाह करने का दबाव भी बना रहा था।
बताया गया कि युवती ने शुरुआत में सामाजिक बदनामी और विवाद से बचने के लिए मामले को नजरअंदाज किया। हालांकि युवक की कथित हरकतें लगातार जारी रहने पर उसने पूरी बात अपने होने वाले पति को बताई। इसके बाद मंगेतर ने आरोपी युवक से संपर्क कर उसकी गतिविधियों पर आपत्ति जताई और ऐसा न करने की चेतावनी दी।
आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि मंगेतर को धमकी भी दी। इससे आक्रोशित होकर मंगेतर शनिवार को मिर्जामुराद थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।