नाबालिग से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो रिश्तेदारों को भेजने का आरोपी गिरफ्तार, मिर्जामुराद पुलिस ने हाईवे से दबोचा
वाराणसी। मिर्जामुराद पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और उसका अश्लील वीडियो रिश्तेदारी में भेजने के मामले में वांछित आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के पूरे गांव निवासी पंकज कुमार स्वामी (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे लालपुर चट्टी के पास प्रयागराज-वाराणसी हाईवे की सर्विस लेन से पकड़ा। मामले में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि वर्ष 2023-24 के दौरान आरोपी ने घर छोड़ने के बहाने उसे अपनी गाड़ी में बैठाया और लठिया बाईपास स्थित एक मकान पर ले गया। वहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और कथित तौर पर अश्लील वीडियो बना लिया। आरोप है कि इसके बाद वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी पीड़िता का यौन शोषण करता रहा।
शिकायत के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को आरोपी ने पीड़िता का अश्लील वीडियो उसके होने वाले ससुराल पक्ष के लोगों को भेज दिया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। मिर्जामुराद थाने में मुकदमा अपराध संख्या 294/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर को कछवां रोड क्षेत्र में मौजूद पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी लालपुर चट्टी के पास हाईवे की सर्विस लेन पर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m), 77, 351(3) और 137(2), आईटी एक्ट की धारा 67(ख) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 और 5L/6 के तहत मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गोपालजी कुशवाहा, उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव, कांस्टेबल अखिलेश कुमार तिवारी, रिजर्व कांस्टेबल विनय, कांस्टेबल चंचल यादव और चालक आरक्षी हरिराम शुक्ल शामिल रहे।