मालवीय हेल्पिंग हैंड सोसायटी का संकल्प: बीएचयू से शुरू किया वृक्षारोपण अभियान, वाराणसी में लगाए जाएंगे 10 हजार नीम के पौधे

 

वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ द मालवीय हेल्पिंग हैंड सोसायटी ने रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान आम, नीम और पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। संस्था ने इस वर्ष पूरे वाराणसी जनपद में 10 हजार नीम के पौधे लगाने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में समाज कार्य विभाग के संयोजक एवं सीडी अधिकारी देव पांडेय, नैतिक तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण किया। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर देव पांडेय ने संस्था के अध्यक्ष प्रिंस पांडेय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाजहित में ऐसे अभियान लगातार चलते रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि जब युवा सामाजिक सरोकारों से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं, तो यह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक बनता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है।

संस्था के अध्यक्ष प्रिंस पांडेय ने बताया कि द मालवीय हेल्पिंग हैंड सोसायटी पिछले कई वर्षों से वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष वाराणसी में 10 हजार नीम के पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी देखरेख सुनिश्चित कर उन्हें विकसित वृक्ष बनाना भी है।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और अधिकाधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया तथा समाज के प्रत्येक नागरिक से इस जनअभियान में सहभागी बनने की अपील की।