भीमचंडी में बड़ा हादसा टला, पंचकोशी यात्रियों के बीच गिरी विशाल डाल, महिला घायल

पंचकोशी परिक्रमा मार्ग के दूसरे पड़ाव भीमचंडी में मंगलवार की भोर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच गंधर्व सागर तालाब किनारे स्थित एक विशाल पाकड़ के पेड़ की भारी डाल अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ी। उस समय पंचकोशी यात्रा में शामिल श्रद्धालु बड़ी संख्या में मार्ग से गुजर रहे थे। अचानक हुई इस घटना से मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोग इधर-उधर भागने लगे।
 

वाराणसी। पंचकोशी परिक्रमा मार्ग के दूसरे पड़ाव भीमचंडी में मंगलवार की भोर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच गंधर्व सागर तालाब किनारे स्थित एक विशाल पाकड़ के पेड़ की भारी डाल अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ी। उस समय पंचकोशी यात्रा में शामिल श्रद्धालु बड़ी संख्या में मार्ग से गुजर रहे थे। अचानक हुई इस घटना से मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोग इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ की डाल काफी बड़ी और भारी थी। यदि कुछ सेकंड का भी अंतर होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। डाल गिरने के दौरान वहां मौजूद कई बच्चे और तीर्थयात्री बाल-बाल बच गए। हालांकि चिरई गांव ब्लॉक क्षेत्र के मुस्काबाद चांदपुर निवासी पार्वती देवी इसकी चपेट में आ गईं। उनके पैर में हल्की चोट आई, जबकि अचानक हुए हादसे से घबराने के कारण उनका ब्लड प्रेशर भी बढ़ गया। घटना के बाद श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान विजय गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। साथ ही परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। ग्राम प्रधान विजय गुप्ता ने बताया कि पेड़ की डाल गिरने के बाद पार्वती देवी काफी भयभीत हो गई थीं, जिसके चलते उनका रक्तचाप बढ़ गया था। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।