मणिकर्णिका घाट पर बड़ा हादसा टला, निषादराज सेवा समिति के सदस्यों ने छह लोगों को डूबने से बचाया

मणिकर्णिका घाट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिहार के दरभंगा जिले से आए एक ही परिवार के छह सदस्य गंगा में स्नान करते समय अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। परिवार के सदस्यों को डूबता देख घाट पर अफरातफरी मच गई। इसी दौरान मां गंगा निषादराज सेवा समिति के कोषाध्यक्ष रामकिशन माझी ने साहस का परिचय देते हुए बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी और एक-एक कर सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
 

वाराणसी। मणिकर्णिका घाट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिहार के दरभंगा जिले से आए एक ही परिवार के छह सदस्य गंगा में स्नान करते समय अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। परिवार के सदस्यों को डूबता देख घाट पर अफरातफरी मच गई। इसी दौरान मां गंगा निषादराज सेवा समिति के कोषाध्यक्ष रामकिशन माझी ने साहस का परिचय देते हुए बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी और एक-एक कर सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे सुभाष चंद्र झा अपनी पत्नी, दो बेटों और दो बेटियों के साथ मणिकर्णिका घाट पर गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान परिवार के सभी छह सदस्य गहरे पानी की चपेट में आ गए। उन्हें डूबता देख रामकिशन माझी ने अकेले ही बचाव अभियान शुरू कर दिया। बाद में समिति के अन्य सदस्यों ने भी सहयोग किया।

इस दौरान मदन साहनी, नाव चालक विष्णु, संदीप साहनी, विनोद, मनजीत और अन्य सदस्यों ने भी बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मां गंगा निषादराज सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार निषाद गुरु ने रामकिशन माझी और उनकी पूरी टीम के साहस एवं तत्परता की सराहना करते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्य आए दिन मणिकर्णिका घाट पर गंगा में डूबने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की जान बचाने का कार्य करते हैं। उनकी तत्परता से कई लोगों को नया जीवन मिला है।