महाराजा अग्रसेन का ‘एक रुपया, एक ईंट’ सिद्धांत सामाजिक समरसता का आदर्श: डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल
श्री काशी अग्रवाल समाज ने मनाई महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया पौधरोपण
वाराणसी। महाराजा श्री अग्रसेन की 5150वीं जयंती के अवसर पर रविवार को श्री काशी अग्रवाल समाज की ओर से मैदागिन स्थित श्री अग्रसेन मार्ग पर स्थापित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं भारत सरकार की गृह विभाग संबंधी स्थायी समिति के चेयरमैन डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल सहित समाज के पदाधिकारियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अग्रसेन वाटिका में पौधरोपण भी किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा अग्रसेन का ‘एक रुपया, एक ईंट’ का सिद्धांत सामाजिक समरसता, आर्थिक समानता और सामूहिक सहयोग का आदर्श है। यह सिद्धांत समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक आगे बढ़ने और जरूरतमंदों को सहयोग देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन समाजवाद और लोककल्याण की भावना के प्रतीक थे। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने अपने समय में थे।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के सामाजिक सिद्धांत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का ‘सबका साथ, सबका विकास’ का संकल्प मूल रूप से एक ही मानवीय और कल्याणकारी सोच के परिचायक हैं। सरकार की ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की नीति का उद्देश्य देश के सभी नागरिकों को सुखी, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने समाज के लोगों से महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाते हुए सामाजिक एकता और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज परिसर में स्थापित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।
कार्यक्रम में समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल ‘हरे कृष्ण’ ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। संचालन राजकिशोर चंद्र अग्रवाल तथा संयोजन शालिनी अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर हरिमोहन साह, उपसभापति बल्लभ दास अग्रवाल, दीपक अग्रवाल लायन, शशिबाला साह, गौरव अग्रवाल, डॉ. मधु अग्रवाल, रूबी साह, बृजकमल दास अग्रवाल, सलिल अग्रवाल, आमोद अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, विनय अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, गरिमा टकसाली, पवन मित्तल, पंकज अग्रवाल, गिरधर दास अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अग्रबंधु उपस्थित रहे।