बीएचयू में लगा योजनाओं का महाकुंभ, गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई, दिव्यांगों को मिली सहायक उपकरणों की सौगात
स्वतंत्रता भवन में वृहद विधिक सहायता शिविर का आयोजन, पात्र लाभार्थियों को ट्रैक्टर, लैपटॉप, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर और सिलाई मशीन सहित वितरित किए गए उपकरण
जनपद न्यायाधीश संजीव शुक्ला ने कहा- गरीब और असहाय होना अपराध नहीं, हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं और निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाना जरूरी
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन सभागार में रविवार को वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस मेगा कैंप में विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को एक ही स्थान पर सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, बच्चों का अन्नप्राशन कराने के साथ दिव्यांगों को सहायक उपकरण, बच्चों को लैपटॉप और बैग तथा किसानों को ट्रैक्टर वितरित किया गया।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव शुक्ला, बीएचयू के कुलपति अजीत कुमार चतुर्वेदी और अपर जिला जजों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों के साथ न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जनपद न्यायाधीश संजीव शुक्ला ने कहा कि इस तरह के वृहद शिविर का उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है। गरीब और असहाय होना कोई अपराध नहीं है। संविधान के अनुच्छेद 39-ए के तहत जरूरतमंदों को निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यहां से जानकारी प्राप्त करने वाले लोग इसे उन जरूरतमंदों तक भी पहुंचाएं, जो जागरूकता के अभाव में योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं।
अपर जिला जज आलोक कुमार ने कहा कि न्याय तक पहुंच जितनी सहज होगी, लोकतंत्र की जड़ें उतनी ही मजबूत होंगी। उन्होंने विभागों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी निर्धन, पिछड़ा या जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
लाभार्थियों को बांटे गए उपकरण और प्रमाणपत्र
शिविर में जिला कार्यक्रम विभाग की ओर से मातृत्व वंदन योजना के तहत गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। जिला प्रोबेशन विभाग ने बच्चों को लैपटॉप और बैग वितरित किए। कृषि विभाग की ओर से ट्रैक्टर प्रदान किया गया। दिव्यांग कल्याण विभाग ने ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, स्मार्ट केन, कान की मशीन, आईडी किट और ब्रेल किट बांटी। ग्रामोद्योग विभाग की ओर से सिलाई मशीन वितरित की गई। अन्य विभागों ने भी पात्र लाभार्थियों को किट और प्रमाणपत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में अपर जिला जज संध्या श्रीवास्तव, अनामिका चौहान, रचना सिंह और पूनम पाठक सहित अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही।