स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारी में जुटी लोजपा (रामविलास), वाराणसी में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन कर मांगा समर्थन
वाराणसी। आगामी स्नातक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने शुक्रवार को वाराणसी में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया। कचहरी स्थित कमिश्नरेट सभागार में आयोजित इस सम्मेलन में शिक्षकों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, स्नातक मतदाताओं और बुद्धिजीवियों से संवाद स्थापित कर पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और स्नातक मतदाताओं के मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं जमुई सांसद अरुण भारती ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व में समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।
अरुण भारती ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी पूरे दमखम के साथ प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाकर जनता के बीच पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुंचाया जाएगा।
सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे स्नातक एमएलसी प्रत्याशी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव 'पिंटू' ने कहा कि यदि उन्हें विधान परिषद में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है तो स्नातक, शिक्षक, अधिवक्ता, युवा और शिक्षित वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और पेशेवर वर्ग की समस्याओं को सदन में प्रभावी ढंग से रखने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने स्नातक मतदाताओं से आगामी चुनाव में पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। सम्मेलन में वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और प्रबुद्ध वर्ग के हितों की रक्षा को पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल बताया। साथ ही आगामी चुनाव को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी, राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र मुन्ना, आशीष सिंह, डॉ. नंद जी, आशुतोष गहरवार, अभिनव श्रीवास्तव, धनंजय दुबे, कमल तिवारी, अवनीश तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, शिक्षक, बुद्धिजीवी, स्नातक मतदाता और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।