यूपी में संगठन विस्तार पर लोजपा (रामविलास) का फोकस, 2027 चुनाव में मजबूत दावेदारी का दावा

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार के साथ 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश संगठन सचिव एवं प्रदेश प्रवक्ता (उत्तर प्रदेश पूर्वी) अभिनव श्रीवास्तव ने कहा कि लोजपा (रामविलास) बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर आगामी विधानसभा चुनाव में प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के उत्तर प्रदेश दौरे की शुरुआत धर्मनगरी काशी से कराने का प्रयास किया जा रहा है।
 

वाराणसी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार के साथ 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश संगठन सचिव एवं प्रदेश प्रवक्ता (उत्तर प्रदेश पूर्वी) अभिनव श्रीवास्तव ने कहा कि लोजपा (रामविलास) बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर आगामी विधानसभा चुनाव में प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के उत्तर प्रदेश दौरे की शुरुआत धर्मनगरी काशी से कराने का प्रयास किया जा रहा है।

वाराणसी में मीडिया से बातचीत के दौरान अभिनव श्रीवास्तव ने अपनी नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती, धीरेंद्र मुन्ना और प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसके अनुरूप पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना और जनता की आवाज को संगठन एवं मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से सामने लाना होगी।

उन्होंने बताया कि पार्टी इस समय उत्तर प्रदेश के सभी जिलों और 403 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन विस्तार अभियान चला रही है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ नए सदस्यों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा आम जनता से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से दलित चौपाल, प्रबुद्ध चौपाल और चाणक्य चौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनता की समस्याओं और सुझावों को सीधे पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाया जा रहा है।

विधानसभा चुनाव में गठबंधन और सीट बंटवारे के सवाल पर अभिनव श्रीवास्तव ने कहा कि इस विषय पर अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि एनडीए के संबंध में जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह सभी कार्यकर्ताओं के लिए स्वीकार्य होगा और पार्टी उसी के अनुरूप चुनावी रणनीति बनाएगी। युवाओं के बीच पार्टी की स्वीकार्यता पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि चिराग पासवान आज देश के युवाओं के बीच एक लोकप्रिय नेता के रूप में स्थापित हो चुके हैं। वे किसी एक वर्ग या जाति की नहीं, बल्कि सर्वसमाज की बात करते हैं। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश के युवाओं में भी उनके प्रति व्यापक समर्थन देखने को मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि 2027 विधानसभा चुनाव में पार्टी रोजगार सृजन, किसानों की आय में वृद्धि, महिला सशक्तिकरण तथा गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच लेकर जाएगी। अभिनव श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में आयोजित चौपाल कार्यक्रमों से प्राप्त जनभावनाओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को अवगत करा दिया गया है। पार्टी का प्रयास है कि उनके आगामी उत्तर प्रदेश दौरे की शुरुआत काशी से हो, जहां एक विशाल जनसभा आयोजित कर चुनावी अभियान का आगाज किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान के बल पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूत दावेदारी पेश करेगी।