आईआईटी बीएचयू में भ्रष्टाचार पर अंकुश और पारदर्शिता का पाठ, दो दिवसीय सतर्कता कार्यशाला शुरू

आईआईटी बीएचयू में सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत सोमवार को ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (प्रोबिटी फॉर प्रॉस्पेरिटी) विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। संस्थान के एनी बेसेंट लेक्चर थिएटर (एबीएलटी-4) में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना तथा भ्रष्टाचार की रोकथाम के लिए सतर्कता संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
 

वाराणसी। आईआईटी बीएचयू में सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत सोमवार को ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (प्रोबिटी फॉर प्रॉस्पेरिटी) विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। संस्थान के एनी बेसेंट लेक्चर थिएटर (एबीएलटी-4) में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना तथा भ्रष्टाचार की रोकथाम के लिए सतर्कता संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

उद्घाटन सत्र में आईआईटी बीएचयू के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. राजेश कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो. आरके मिश्र, प्रभारी प्रशासन प्रो. रंजीत महंती, कुलसचिव सुमित कुमार बिस्वास और केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी), नई दिल्ली के सलाहकार राजीव वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उप कुलसचिव (प्रशासन-III) डॉ. अमित कुमार सिंह ने किया।

इस अवसर पर सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत संस्थान की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इनमें निबंध लेखन, ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी और काव्य प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने सत्यनिष्ठा, नैतिक आचरण और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों पर हुई चर्चा
कार्यशाला के पहले दिन तकनीकी सत्र में सीवीसी के सलाहकार राजीव वर्मा ने सतर्कता संबंधी विभिन्न कानूनी और प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने केंद्रीय सतर्कता आयोग के मास्टर सर्कुलर के महत्वपूर्ण बिंदुओं, विशेष रूप से ‘विजिलेंस एंगल’ की परिभाषा और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के प्रमुख प्रावधानों को समझाया।

उन्होंने निवारक सतर्कता की रणनीतियों, प्रशासनिक कार्यों में अपनाई जाने वाली सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों और सतर्कता मैनुअल-2026 में दिए गए दिशा-निर्देशों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्थागत कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता संबंधी नियमों का प्रभावी अनुपालन जरूरी है।

कई प्रमुख संस्थानों के प्रतिनिधियों की सहभागिता
कार्यशाला में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), पंजाब नेशनल बैंक, बीएचयू, बनारस लोकोमोटिव वर्क्स और केंद्रीय संचार ब्यूरो सहित विभिन्न संगठनों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन आईआईटी बीएचयू के प्रशासन-III अनुभाग की ओर से किया जा रहा है। इसमें निवारक सतर्कता को मजबूत बनाने और लोक प्रशासन में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित कार्यसंस्कृति विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।