गंगा-वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी से काशीवासियों में खुशी, पीएम का जताया आभार
वाराणसी। केंद्र सरकार द्वारा लगभग 25,445 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित करीब 89 किलोमीटर लंबे गंगा एवं वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी मिलने पर नगर निगम वाराणसी में खुशी का माहौल रहा। इस ऐतिहासिक परियोजना के लिए बुधवार को नगर निगम के मेयर कक्ष में महापौर की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में महापौर ने कहा कि गंगा एवं वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर काशी के विकास के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय साबित होगा। उनका कहना था कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना शहर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है। इसके पूरा होने के बाद शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को जाम की समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वाराणसी में लगातार विकास परियोजनाओं का विस्तार हो रहा है। गंगा एवं वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर भी उन्हीं महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है, जो काशी को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर के रूप में नई पहचान देगा। बैठक में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और पार्षदों ने भी परियोजना को वाराणसी के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। सभी ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि परियोजना के पूरा होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित होगी। साथ ही यह परियोजना काशी के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।