नवसंवत्सर के स्वागत में सजने लगी काशी, युवाओं ने घर-घर लगाया भगवा ध्वज, बनाएंगे रंगोली, जलाएंगे हजारों दीप

भारतीय नवसंवत्सर 2083 के स्वागत को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। चैत्र प्रतिपदा के अवसर पर सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों की तैयारियां जोरों पर हैं। धर्मिक संस्था श्री लाट भैरव भजन मंडल के तत्वावधान में महाकवि तुलसीदास मार्ग, तेलियाना क्षेत्र में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
 

वाराणसी। भारतीय नवसंवत्सर 2083 के स्वागत को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। चैत्र प्रतिपदा के अवसर पर सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों की तैयारियां जोरों पर हैं। धर्मिक संस्था श्री लाट भैरव भजन मंडल के तत्वावधान में महाकवि तुलसीदास मार्ग, तेलियाना क्षेत्र में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नववर्ष के स्वागत में युवाओं की टोली घर-घर जाकर भगवा ध्वज लगा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बना हुआ है। मुख्य मार्गों के दोनों ओर भगवा ध्वज लहराए जा रहे हैं, वहीं स्वागत बैनर और रंग-बिरंगी सजावट से इलाका सुसज्जित किया जा रहा है। तेलियाना स्थित श्री राम जानकी मंदिर परिसर में फूलों से आकर्षक रंगोली बनाई जाएगी।

नवसंवत्सर की पूर्व संध्या पर दीपमालाएं सजाकर वर्ष की अंतिम रात्रि को आलोकित किया जाएगा और नए वर्ष के शुभारंभ का अभिनंदन किया जाएगा। गुरुवार की सुबह भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर आरोग्य और सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। इसके साथ ही तेलियाना हनुमान फाटक मार्ग पर श्रीराम नाम संकीर्तन के साथ प्रभातफेरी भी निकाली जाएगी।

मंडल के व्यवस्थापक केवल कुशवाहा ने बताया कि यह आयोजन वर्षों से सनातन परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से किया जा रहा है। मंदिर के महंत रामदास ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नववर्ष के अवसर पर कम से कम पांच दीप जलाकर सनातन धर्म के प्रति अपनी आस्था प्रकट करें।