कपसेठी पुलिस की कार्रवाई : जुआ खेलते चार आरोपी गिरफ्तार, ₹10,900 नकद और ताश की गड्डी बरामद

गोमती जोन पुलिस द्वारा जुआरियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कपसेठी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 10,900 रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
 

वाराणसी। गोमती जोन पुलिस द्वारा जुआरियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कपसेठी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 10,900 रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सिरहिरा तिराहा के पास एक दुकान के पीछे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना कपसेठी पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे चार लोगों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान मौके से जुए में दांव पर लगी 10,400 रुपये की मालफड़ राशि, आरोपियों की जामा तलाशी से 500 रुपये नकद तथा 52 अदद ताश के पत्ते बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ विवेक सिंह, अनुज सिंह, आशीष कुमार सिंह तथा प्रवेश सिंह के रूप में हुई है। चारों आरोपी थाना कपसेठी क्षेत्र के घोसिला गांव के निवासी हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कमिश्नरेट वाराणसी में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी जुआ या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक मधुसूदन त्रिपाठी, करूणा सागर तिवारी, शशांक राय सहित थाना कपसेठी की पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।