नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल में अलंकरण समारोह-2026 सम्पन्न, छात्र नेतृत्व को सौंपे गए नए दायित्व

नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल, सुसुवाही में शनिवार को आयोजित ‘अलंकरण समारोह–2026’ गरिमा, अनुशासन और नेतृत्व भावना का प्रेरणादायी आयोजन बन गया। विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति में नवगठित छात्र परिषद, सदन प्रभारियों एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों का विधिवत अलंकरण किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा-भाव का विकास करना था।
 

वाराणसी। नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल, सुसुवाही में शनिवार को आयोजित ‘अलंकरण समारोह–2026’ गरिमा, अनुशासन और नेतृत्व भावना का प्रेरणादायी आयोजन बन गया। विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति में नवगठित छात्र परिषद, सदन प्रभारियों एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों का विधिवत अलंकरण किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा-भाव का विकास करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंधक श्री राजेश राय, उपाध्यक्ष श्री प्रवीण राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ समन्वयकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद छात्रा अर्पजा एवं उनके साथियों ने मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। कनिष्ठ समन्वयक ने स्वागत भाषण के माध्यम से अतिथियों एवं उपस्थित जनों का अभिनंदन करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

समारोह के दौरान विद्यालय के चारों सदनों के नए कार्य प्रभारियों की घोषणा की गई। एस.सी. बोस हाउस का दायित्व श्री धर्मराज पटेल एवं अनुराधा जोशी, शिवाजी हाउस का नेतृत्व श्री आनंद तिवारी एवं श्रीमती सरिता सिंह, लक्ष्मीबाई हाउस की जिम्मेदारी श्री अमित सेठ एवं श्रीमती पूनम वर्मा तथा सरोजनी नायडू हाउस का प्रभार श्री रघुवंश प्रकाश एवं प्रियंवदा राय को सौंपा गया।

विद्यालय की छात्र परिषद के गठन में हर्ष विश्वकर्मा को हेड बॉय तथा तान्या विश्वकर्मा को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। वहीं चारों सदनों के हाउस कैप्टन के रूप में कृष्णा, ओम, वत्सुल और आराध्या का चयन किया गया। इसके अलावा ऋषभ, शगुन, प्राची, शौर्य, निक्षेत, आंतिका, गर्विता, सुमन, मानवी सहित विभिन्न काउंसिल सदस्यों को बैज एवं पद-चिह्न प्रदान कर उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। विद्यालय के विभिन्न विषयों के विभागाध्यक्षों और विभागीय प्रभारियों का भी सम्मानपूर्वक अलंकरण किया गया।

मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्य ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बैज पहनाकर उनके दायित्वों का औपचारिक हस्तांतरण किया। इसके उपरांत खेल शिक्षक श्री मृत्युंजय शर्मा ने सभी छात्र पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा-भाव के साथ अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।

प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि दूसरों के लिए प्रेरणा बनने और जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की कला है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समर्पण, टीमवर्क और उत्कृष्ट प्रबंधन क्षमता के साथ विद्यालय की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उत्साह, अनुशासन और नेतृत्व की भावना से ओतप्रोत इस भव्य समारोह का समापन वरिष्ठ समन्वयक सत्यप्रिया सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।