अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बरेका में फुटबॉल मैच और दौड़ प्रतियोगिता, खिलाड़ियों का सम्मान
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बरेका इंटर कॉलेज मैदान में महिला खिलाड़ियों के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला फुटबॉल मैच और 100 मीटर महिला दौड़ प्रतियोगिता हुई। इसमें बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के तहत आयोजित महिला फुटबॉल मैच बेहद रोमांचक रहा। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन किया। खेल के अंतिम क्षणों तक मुकाबला रोमांच से भरपूर बना रहा, जिससे मैदान पर मौजूद दर्शकों का उत्साह भी चरम पर रहा। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरे मैदान में उत्सवी माहौल बना रहा।
इसके अलावा मैदान पर 100 मीटर महिला दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें कई महिला प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ दौड़ लगाई, जिसे देखकर उपस्थित खेलप्रेमियों ने उनका भरपूर उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी महिला प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार और कुसुम ने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं कोच भैरव दत्त, रविशंकर प्रसाद सिन्हा, विकास आनंद सहित कई सेवानिवृत्त कर्मचारी, महिला खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।